देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
खबर को सुनें

बायोटेक्नोलॉजी में बीटेक के बाद निजी नौकरी छोड़ी

एरोपोनिक्स तकनीक से शुरू किया केसर उत्पादन

पहली फसल से मिली एक लाख रुपये की उपज

गोपेश्वर (चमोली)। पहाड़ से रोजगार की तलाश में युवाओं का पलायन आम बात है, लेकिन कुछ युवा ऐसे भी हैं जो नौकरी छोड़कर अपने गांव लौट रहे हैं और नई संभावनाएं तलाश रहे हैं। गोपेश्वर के नीरज भट्ट ने भी इसी राह को चुना है। निजी कंपनियों में नौकरी करने के बाद वह अपने गृह क्षेत्र लौटे और अब मिट्टी के बिना एरोपोनिक्स तकनीक से केसर उगाकर स्वरोजगार की नई मिसाल पेश कर रहे हैं।

बायोटेक्नोलॉजी में बीटेक करने वाले नीरज ने निजी क्षेत्र में नौकरी की, लेकिन पहाड़ में रहकर कुछ नया करने की इच्छा उन्हें वापस ले आई। उन्होंने खेती को परंपरागत काम के बजाय आधुनिक व्यवसाय के रूप में अपनाने की योजना बनाई। शुरुआत लीज पर जमीन लेकर पॉलीहाउस स्थापित करने से की। उद्यान विभाग के सहयोग से उन्होंने लिलियम फूलों का उत्पादन शुरू किया और बाद में कीवी की खेती की ओर भी कदम बढ़ाया।

खेती में नए प्रयोग की तलाश के दौरान उन्हें इंटरनेट के माध्यम से एरोपोनिक्स तकनीक से केसर उत्पादन की जानकारी मिली। उन्होंने इस तकनीक को समझने के लिए अध्ययन किया और वर्ष 2024 में गोपेश्वर में केसर उत्पादन शुरू कर दिया। इस तकनीक की खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक खेती की तरह मिट्टी की जरूरत नहीं होती। पौधों की जड़ों तक नियंत्रित तरीके से पोषक तत्वों का घोल पहुंचाया जाता है। नीरज को पहली ही फसल में करीब एक लाख रुपये मूल्य की केसर उपज मिली।

नीरज की पहल रिवर्स पलायन की एक ऐसी तस्वीर पेश करती है। इसमें पहाड़ का युवा अपनी शिक्षा और तकनीकी दक्षता का इस्तेमाल अपने ही क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए कर रहा है। नौकरी की तलाश में पहाड़ छोड़ने के बजाय पहाड़ में ही रोजगार खड़ा करने की उनकी कोशिश स्थानीय युवाओं के लिए एक नई राह खोल सकती है।

सरकारी योजना से मिला प्रोत्साहन

नीरज के इस नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए उद्यान विभाग भी सहयोग कर रहा है। केसर उत्पादन यूनिट की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत 20 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत परियोजना लागत का 35 प्रतिशत केंद्र और 25 प्रतिशत राज्य सरकार अनुदान के रूप में देती है, जबकि शेष धनराशि ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।

युवाओं को गांव लौटने का संदेश

नीरज का मानना है कि खेती अब केवल पारंपरिक तौर-तरीकों तक सीमित नहीं है। वैज्ञानिक जानकारी, आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का सही उपयोग कर युवा इसे लाभकारी व्यवसाय बना सकते हैं। उनका प्रयास दूसरे युवाओं को भी अपने क्षेत्र में संभावनाएं तलाशने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

क्या है एरोपोनिक्स तकनीक

एरोपोनिक्स खेती की आधुनिक तकनीक है। इसमें पौधों को मिट्टी के बजाय विशेष ढांचे में उगाया जाता है। इसमें पौधों की जड़ों को हवा में खुला रखा जाता है और उन पर पानी व आवश्यक पोषक तत्वों के घोल का छिड़काव किया जाता है। नियंत्रित तापमान, नमी और रोशनी के बीच पौधों का विकास होता है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!