देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
खबर को सुनें

जिलाधिकारी ने एनकॉर्ड बैठक में दिए सख्त निर्देश

स्कूलों में एंटी ड्रग कमेटी और मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी अनिवार्य करने पर जोर

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन ने अंतरविभागीय कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बुधवार को जिला सभागार में आयोजित एनकॉर्ड समिति की बैठक में नशा तस्करी, अवैध बिक्री और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा।

डीएम ने शिक्षा विभाग को जनपद के सभी विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटियों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अब तक 200 माध्यमिक और 17 शासकीय विद्यालयों में ऐसी समितियां गठित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए।

मेडिकल स्टोरों पर निगरानी बढ़ाने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग और औषधि निरीक्षक को सभी मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर नियमित कार्रवाई करने को कहा। चिकित्सा विभाग ने बताया कि अब तक 20 विद्यालयों और तीन महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता और काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को 21 वर्ष से कम आयु के युवाओं को शराब की बिक्री रोकने और बिना लाइसेंस संचालित बार एवं प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दिया। वन विभाग को जंगलों में अवैध भांग की खेती पर रोक लगाने तथा समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति केंद्र के संचालन के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों के उपचार और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मुकदमे दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

इस दौरान कमांडेंट आईटीबीपी रोशन सिंह, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, चमोली के एसडीएम राजकुमार पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र राणा, एसडीओ वन विकास सिंह, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!