14 को नाम वापसी, 16 अक्टूबर को मतदान और उसी दिन मतगणना
गोपेश्वर (चमोली)। जिला योजना समितियों के रिक्त सदस्य पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार 12 अक्टूबर को नामांकन होंगे, जबकि 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशी 14 अक्टूबर को नाम वापस ले सकेंगे। मतदान और मतगणना 16 अक्टूबर को होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 10 अक्टूबर से रिटर्निंग ऑफिसर और जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालयों में निर्धारित स्थान पर नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से होगी। नाम वापसी की प्रक्रिया 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी परिणाम घोषित करेंगे।
यह निर्वाचन उत्तराखंड के सभी जनपदों में जिला योजना समिति के रिक्त प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कराया जा रहा है। अधिसूचना के अनुसार हरिद्वार जिला पंचायत के प्रमुख क्षेत्र को इससे अलग रखा गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
