खबर को सुनें

चम्पावत। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामलीला मैदान धूरा में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव में चम्पावत के विकास के लिए 62.97 करोड़ रुपये की 50 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 11.08 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण और 51.89 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर परिवार और समाज के निर्णयों में भागीदार बनाना है।

लोकार्पित और प्रस्तावित योजनाओं से चम्पावत में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ककनई के बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क, भागिना भंडारी में सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स तथा विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण समेत कई कार्यों की घोषणा की।

इसके अलावा आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी और बस्तियागूंठ के मास्वाड़ तोक में भूकटाव और बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य किए जाएंगे। लदिया नदी पर झूला पुल, दियूरी-चौड़ा सड़क का सुधारीकरण व डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स और बुडम के कठोल में झूला पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और कुमाऊंनी भाषा में संवाद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान प्राकृतिक सौंदर्य के साथ यहां की मेहनती और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लखपति दीदियां आगे बढ़कर करोड़पति बनें।

धामी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए वोकल फॉर लोकल, हाउस ऑफ हिमालयाज, हिलांस आउटलेट, फूड वैन और ई-रिक्शा जैसे माध्यम विकसित किए जा रहे हैं। इससे महिलाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाली बनने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि चम्पावत में बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज हॉस्टल, आईटीआई लैब, 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान और महिला प्रौद्योगिकी पार्क जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सरकार का प्रयास है कि बेटियों को शिक्षा और प्रतिभा विकास के लिए गांव या जनपद से बाहर जाने की मजबूरी न हो।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने बच्चियों के साथ केक काटकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। इस दौरान महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर उपहार भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!