गोपेश्वर (चमोली)। अंतरराष्ट्रीय समरस्ता मंच की ओर से भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर नई दिल्ली में सद्भावना दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 85 विशिष्ट प्रतिभाओं को ‘राजीव गांधी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। चमोली जिले के प्रो. डॉ. जसवंत लाल को सामाजिक सेवाओं, रचनात्मक कार्यों, सदाचारपूर्ण जीवन और समाजहित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में मंच के पदाधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वैश्विक शांति, सामाजिक समरसता, मानव एकता और भारत-नेपाल मैत्री को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
अंतरराष्ट्रीय समरस्ता मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने कहा कि मंच का उद्देश्य वसुधैव कुटुंबकम् की भावना के साथ विश्व बंधुत्व, सामाजिक समरसता और वैश्विक शांति को बढ़ावा देना है। उन्होंने प्रो. डॉ. जसवंत लाल के सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की।
सम्मान मिलने पर प्रो. डॉ. जसवंत लाल ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए सम्मान के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने समाज में सकारात्मक सोच, सेवा, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। समारोह में उन्हें नेपाल की राजधानी काठमांडू में दिसंबर में प्रस्तावित सार्क राष्ट्रों के सांस्कृतिक समन्वय सम्मेलन में आमंत्रित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
