गोपेश्वर (चमोली)। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान में चमोली जिले ने उत्तराखंड में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले में लक्षित 3,174 बालिकाओं में से 2,177 बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। इसके साथ ही चमोली ने 68.6 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, स्वास्थ्य सूचना शिक्षा एवं संचार प्रकोष्ठ, टीकाकरण अनुभाग, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और आशा कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने बताया कि यह टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 28 फरवरी से 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर यह अभियान शुरू किया गया है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पात्र बालिकाओं को टीका निशुल्क लगाया जा रहा है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 वर्ष की पात्र बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए टीका जरूर लगवाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना है।
