खबर को सुनें

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत जनपद के बूमघाट में 65.95 करोड़ लागत की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शारदा तटबंध केवल निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री ने 60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा तटबंध निर्माण तथा 5.74 करोड़ की लागत से पूर्णागिरि तहसील के ग्राम छीनीगोठ में हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इससे पहले उन्होंने शारदा नदी पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक टीका, कुमाऊँनी टोपी, पुष्पवर्षा और छोलिया नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन समितियों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया।

सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित विभागीय प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए। महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी भी बनाई। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने निक्षय योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पोषण किट वितरित की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा नदी लाखों लोगों की आजीविका का आधार है और राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि लगभग 3300 करोड़ की लागत से विकसित होने वाली शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक रिवर फ्रंट सहित कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आधुनिक साइंस सेंटर, कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा लगभग 14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके अलावा लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर हैं।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख आंचल बोरा, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!