खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की ओर से रविवार को बदरी-केदार मंदिर समिति सभागार में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सदस्यता अभियान आयोजित किया गया। सम्मेलन में राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व शिक्षक कमल किशोर डिमरी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ उक्रांद की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भाजपा पर तीखे राजनीतिक हमले किए।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कमल किशोर डिमरी ने कहा कि उनका पूरा जीवन राज्य आंदोलन और जनसंघर्षों से जुड़ा रहा है। इसी सोच के तहत उन्होंने उत्तराखंड के हितों के लिए संघर्ष करने वाले क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल का साथ चुना है और भविष्य में भी पार्टी के मान-सम्मान एवं जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करते रहेंगे।

उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछना लोकतंत्र का हिस्सा है और यदि इसे अपराध माना जाता है तो उक्रांद यह “अपराध” बार-बार करेगा। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें अपने जनाधार पर भरोसा है तो 2027 का विधानसभा चुनाव बदरीनाथ सीट से लड़कर दिखाएं। केंद्रीय महामंत्री एवं तराई प्रभारी राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की शुरुआत बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से होगी और जनता का विश्वास लगातार उत्तराखंड क्रांति दल के प्रति बढ़ रहा है।

कार्यकारी अध्यक्ष जेपी उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेशवासियों को क्षेत्रीय दल का साथ देना होगा। वहीं केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने राज्य आंदोलन के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि लंबे आंदोलन और अनेक बलिदानों के बाद उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया है, इसलिए इसके मूल उद्देश्यों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। जिलाध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश का युवा अब जागरूक है और सही-गलत का फर्क समझता है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में युवा उक्रांद के साथ जुड़ रहे हैं।

इस दौरान राजेश्वरी देवी, किरण डिमरी, मूसली देवी, लक्ष्मी देवी, गणेश काला, दिनेश मास्टर, लुसुन टोडरिया, महिपाल फर्श्वाण, एसपी पुरोहित, केएल शाह, अरुण शाह, पंकज पुरोहित, भगत कुंवर, सुबोध बिष्ट, धर्मेंद्र फर्श्वाण, धीरज बिष्ट, सौरभ नौटियाल, अंकित पंत, सुदर्शन नेगी, सूरज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद  रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!