खबर को सुनें

-मुख्यमंत्री धामी ने कॉर्बेट ट्रेल का किया शुभारंभ, सिटी सेंटर का भूमि पूजन; कहा- विकास और विरासत दोनों को मिलेगा समान महत्व

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित कार्यक्रम में जनपद को 123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 27.79 करोड़ की आठ पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 96 करोड़ की नौ नई योजनाओं का शिलान्यास किया गया। साथ ही 3.49 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन और रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़कें और भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चम्पावत विकसित करना है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग 62.33 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पार्किंग एवं आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) बनाया जाएगा, जिससे पार्किंग की समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों के लिए लगभग 257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा 58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास भी और विरासत भी के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी और लगभग 14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है।  लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र भी विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, वे विकसित चम्पावत की मजबूत नींव साबित होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में चम्पावत समावेशी और सतत विकास का आदर्श मॉडल बनकर विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को नई गति देगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती समेत जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजद रहे।

 
 
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!