खबर को सुनें

स्वास्थ्य परियोजनाओं की 40 करोड़ से अधिक की सौगात

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी सौगात देते हुए करीब छह करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से स्थापित इस मशीन के साथ मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्र के लिए 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है। राज्य सरकार अस्पतालों के निर्माण के साथ-साथ उन्हें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशिक्षित मानव संसाधन से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि अब चंपावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच अब स्थानीय स्तर पर ही संभव होगी, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत जिला चिकित्सालय में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी किया जा रहा है। अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य शिक्षा को मजबूत करने के लिए 470.05 लाख रुपये की लागत से 129 बेड वाले आधुनिक छात्रावास का निर्माण इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में पूरा किया गया है। साथ ही चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को निःशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा स्वास्थ्य तंत्र विकसित करना है, जहां आर्थिक अभाव किसी भी नागरिक के इलाज में बाधा न बने।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!