ईंट से सिर कूचकर हत्या की आशंका
लखनऊ। लखनऊ के उतरेटिया रेलवे लाइन के पास जंगल में एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की ईंट से सिर कूचकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस को सूचना मिली कि उतरेटिया रेलवे लाइन के पास सड़क किनारे जंगल में एक युवती का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 22 वर्षीय युवती के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसी दौरान थाना पीजीआई से गुमशुदगी की सूचना मिली। रक्षाखंड एल्डिगो उद्यान-2 निवासी 22 वर्षीय शिवानी सिंह शनिवार सुबह घर से निकली थीं और वापस नहीं लौटी थीं।
बाद में केजीएमयू मोर्चरी पहुंची शिवानी की मां गीता ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। पुलिस ने परिवार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लखनऊ पुलिस के अनुसार मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और युवती की कॉल डिटेल भी जांची जा रही है।
परिवारजनों ने पुलिस को बताया कि बीते सप्ताह ही शिवानी की सगाई हुई थी, जिसके बाद से वह कुछ गुमसुम रहने लगी थीं। पुलिस एक करीबी व्यक्ति पर शक जताते हुए उसकी तलाश में दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

