गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर लंबित शिकायतों को त्वरित निस्तारण को विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में डीएम गौरव कुमार ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों को समीक्षा बैठक में 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होना चाहिए। अधिकारियों से हेल्पलाइन मोबाइल ऐप डाउनलोड कर नियमित मॉनिटरिंग करने को भी कहा गया ताकि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों को बिना पर्याप्त कार्रवाई के फोर्स क्लोज नहीं होनी चाहिए। इस मामले में विभागाध्यक्ष की संस्तुति अनिवार्य होगी। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। इस लिए हर शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक किया जाना जरूरी है। विभागाध्यक्ष स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर फीडबैक लेने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए डीएम ने सुझाव एवं डिमांड को शिकायतों की श्रेणी से पृथक रखने के भी कहा। बताया कि जनपद में मुख्यतः सड़क निर्माण में देरी, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की समस्याएं तथा आपदा मुआवजे से संबंधित शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं। इनका समाधान संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर किये जाने से लोगों को मूलभूत सुविधाएं तो मिलेंगी ही अपितु शिकायतों का भी निस्तारण होगा।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, सीएमओ डा. अभिषेक गुप्ता, डीएफओ सर्वेश दुबे, डीडीओ केके पंत, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट समेत तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

