खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को देने पर जोर दिया। डीएम गौरव कुमार ने शनिवार को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए प्रगति में तेजी लाने तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम की रैंकिंग में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को समेकित (कम्पाइल) कर जल्द प्रस्तुत करने को कहा ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर देते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्त करने को भी कहा। कहा कि अन्य संबंधित अधिकारियों से समन्वय करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ पहुंचाया जाए।

जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से गर्भवती महिला एवं स्तनपान करने वाली माताओं के प्रथम जीवित बच्चे एवं द्वितीय जन्मी बालिका पर पात्र लाभार्थियों के खाते में दो किस्तें दी जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पोर्टल पर लाभार्थियों के रिकॉर्ड अपलोड होने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इस कारण से वास्तविक लक्ष्य पूरा करने में समस्याएं आ रहीं हैं। इसे टेक्निकल यूनिट के माध्यम से समाधान कर शीघ्र दूर करने का प्रयास किया जा रहा है ।

इस दौरान देवाल के सीडीपीओ चन्द्रभानु सिंह जीना, गैरसैण के सीडीपीओ सीवी गर्ग, सुपरवाइजर, एएनएम आदि मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!