खबर को सुनें

पेड़ से फिसल कर बुरी तरह जख्मी हुई गुड्डी देवी

गोपेश्वर (चमोली)। दशोली ब्लॉक की निजमुला घाटी के मौली हुडंग गांव की महिला पेड़ से गिरने के कारण चोटिल हो गई। सड़क के अभाव में महिला डंडी-कंडी के सहारे अस्पताल पहुंची। मिली जानकारी के अनुसार हुडंग गांव की गुड्डी देवी रोजाना की तरह चारापत्ति लेने जंगल गई थी। इस दौरान पेड़ से फिसल कर वह चोटिल हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जख्मी महिला को डंडी-कंडी के सहारे सड़क तक लाया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भर्ती कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है।

बताते चलें कि मोली हुडंग गांव अभी भी सड़क मार्ग से काफी दूर है। आए दिन बीमार और गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए डंडी-कंडी के सहारे ही अस्पताल लाना पड़ता है। हालांकि ग्रामीण लगातार गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग कर रहे हैं किंतु अभी तक भी हालात जस के तस बने हुए हैं। लोगों को जरूरत की चींजो के लिए भी बाजार आने के लिए कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

प्रधान भगत फरस्वाण का कहना है कि गांव में सड़क समेत बुनियादी सुविधाओं को टोटा बना हुआ है। इसके बावजूद कोई भी सुध लेवा नहीं है। मौजूदा दौर में भी ग्रामीणों को आठ किमी का पैदल सफर तय करना पड़ रहा है।  उन्होंने आम लोगों की कठिनाइयों को देखते हुए सड़क मार्ग निर्माण की मांग की है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *