खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा है कि दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड समय से बनाए जाएंगे। इस मामले में कतई हीलाहवाली नहीं होगी। ला प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड समय पर बनाए जाने की निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाने के साथ ही पेंशन तथा प्रमाण पत्र भी समय पर निर्गत करने को कहा। शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगजनों को दिए जाने पर बल देते हुए उनका कहना था कि दिव्यांगजनों के कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण तथा समुचित चिकित्सकीय सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया।

डीएम गौरव कुमार ने कहा कि इस मामले में हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए। सरकार की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को उपलब्ध की जाने वाली योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाने के लिए तेजी लाई जानी चाहिए। दिव्यांग पुनर्वास केंद्र डीडीआरसी के काउंसलर अरविंद बिष्ट ने बताया कि अप्रैल 2025 से अब तक 23 शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया है। जनपद में 5996 दिव्यांगजनों ने यूडीआईडी कार्ड हेतु आवेदन किया है। इनमें 5648 कार्ड उनके पते पर भेजे जा चुके हैं। इस अवधि में 139 दिव्यांगजनों को नई पेंशन आवेदन में सहयोग दिया गया। 107 को कृत्रिम सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए तथा 317 नए दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा दिव्यांगजनों के लिए रात्रि विश्राम गृह, स्वरोजगार हेतु ऋण सुविधा, जन-जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सीय सेवाएं एवं दिव्यांग मतदाताओं का सत्यापन जैसे कार्य भी नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, जिला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बृजमोहन नेगी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बैठक में मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *