खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। उक्रांद ने लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उक्रांद के केंद्रीय मंत्री बृजमोहन सजवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जनपद चमोली के लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताते हुए स्वास्थ्य विभाग को निशाने पर लिया है। दल का कहना है कि जनपद में सीएमओ समेत तमाम नाकाराधिकारियों के चलते स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। जनपद के अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं समेत अन्य बीमारों की अकाल मौत के चलते स्वास्थ्य सेवा का बदसूरत चेहरा उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अधिकारियों को दंडित किया जाना चाहिए।

जिलाध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी ने कहा कि 15 दिनों के भीतर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो जनपद में आंदोलन प्रारंभ किया जाए। केंद्रीय उपाध्यक्ष अरुण कुमार शाह ने कहा कि जनपद में जल्द चिकित्सकों की तैनाती की जानी चाहिए। स्वास्थ्य केंद्रों में उपकरणों को भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए ताकि स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।  जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित ने जल्द एंबुलेंस सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। जिला संरक्षक सर्वेश्वर प्रसाद पुरोहित ने कहा कि जब सरकारी सेवाएं मुफ्त हैं तो सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य कार्ड से पैसे कटवाकर इलाज करना लोगों के साथ मजाक किया जा रहा है। इसलिए सरकार को अब इस पर अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। उपाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा था कि थराली स्वास्थ्य केंद्र आपदा की भेंट चढ गया है। इसलिए जल्द स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाना चाहिए। जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट ने नारायणबगड स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण पर जोर देते हुए अस्पतालों में फार्मासिस्ट तथा स्टाफ नर्सों की नियुक्ति पर जोर दिया है।

उक्रांद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मांगों के निस्तारण का आग्रह किया है। इस दौरान अशोक बिष्ट, अनिल राणा, भगत सिंह कुँवर, पुष्पा झिंक्वाण, जमन सिंह, प्रवेश सेमवाल आदि मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!