पोखरी (चमोली)। सस्ता गल्ला विक्रेताओं के कार्य बहिष्कार के चलते लोगों को सस्ते गल्ले का राशन नहीं मिल रहा है। सस्ता गल्ला विक्रेता लाभांश तथा मानदेय की मांग पर अडे़ हैं। बताते चले कि मानदेय तथा लाभांश की मांग को लेकर सस्ता गल्ला विक्रेता कार्य बहिष्कार पर चल रहे हैं। अभी तक भी मांग पूरी न होने पर डीलरों ने कार्यबहिष्कार जारी रखा है। ब्लॉक अध्यक्ष रमेश चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीलरों ने साफ किया कि कोरोना काल में लगे लॉक डाउन से अब तक निशुल्क वितरित राशन का किराया भाड़ा डीलरों को नहीं मिल पाया है। लाभांश और मानदेय नहीं मिल रहा है। कहा कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता तब राशन वितरण का कार्य नहीं किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगों की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है। विक्रेताओं की सुध न लेने के चलते उन्हें अपनी जेब से भाड़ा देना पड़ रहा है। इस कारण डीलर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा, दीपक चौधरी, प्रदीप पुरोहित, विष्णु प्रसाद चमोला आदि ने डीलरों का समर्थन किया है और सरकार से मांगों के निस्तारण का आग्रह किया है। इस दौरान भक्त दर्शन बुटोला, दर्शन सिंह नेगी, बीर सिंह कण्डारी, मधुसूदन किमोठी, प्रदीप नेगी, ताजबर भण्डारी, विष्णु प्रसाद पंत, यतीश चमोला, बृजेश कुमार सहित तमाम सस्ता गल्ला विक्रेता शामिल रहे।

