खबर को सुनें

रामनगर। बाइक पर अपने नाना के साथ जा रहे एक 4 वर्ष के बच्चे की डंपर की टक्कर से मौत हो गई। घटना ग्राम पुछड़ी की है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक में बैठा चार वर्षीय मासूम छिटककर डंपर के नीचे आ गया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गयी। बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों ने घटनास्थल पर हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामे के दौरान गुस्साई भीड़ ने पथराव करके डंपर को क्षतिग्रस्त कर दिया। हंगामा यहीं नहीं रुका। इसके बाद ग्रामीण कोतवाली पहंुच गए। रामनगर कोतवाली में भी ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाल अरुण कुमार सैनी का घेराव किया गया। पुलिस द्वारा मासूम के शव का पंचनामा भरकर शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है।

रामनगर के ग्राम शंकरपुर निवासी विशाल ठाकुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार की देर रात उसके ससुर ऋषिपाल उसके चार वर्षीय बेटे नव के साथ बाइक से पुछड़ी क्षेत्र से आ रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनके पुत्र की मौत हो गई। उनके ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल ससुर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले में कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने अवैध खनन पर रोक लगाने के साथ ही गांव से खनन निकासी के वाहनों के आवागमन को भी रोकने की मांग की है।

 
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!