हरिद्वार। हरिद्वार जनपद में चार लोगों की हत्या करने के कुख्यात आरोपी को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। मई वर्ष 2021 में हरिद्वार में चार लोगों की हत्या में शामिल तालिब उर्फ तालिब पुत्र इंसार निवासी खेड़ी खुर्द लक्सर के खिलाफ 10 हजार का इनाम घोषित था। घटना के बाद से अभियुक्त पिछले 2 साल से फरार चल रहा था। हाल फिलहाल वो गाजियाबाद में पहचान छुपाकर जेसीबी चालक का कार्य कर रहा था। एसटीएफ ने आरोपी को गाजियाबाद के डासना से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त तालिब ने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 मई 2021 को हरिद्वार के खेड़ी खुर्द में जहीर हसन, मोहमद कैफ, सहजन आलम, हुसैन अहमद निवासी खेड़ी खुर्द में 4 लोगों की रंजिशन हत्या कर दी गयी थी।
एसटीएफ से मिली जानकारी अनुसार गिरफ्तार 10 हजार का इनामी अभियुक्त तालिब हरिद्वार के चौहरे हत्याकांड के बाद पिछले 2 साल से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग ठिकानों में पहचान बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। मौजूदा समय में वह गाजियाबाद डासना में नाम बदल कर रह रहा था। सूचना के आधार एसटीएफ की एक टीम ने अभियुक्त को देर रात गिरफ्तार कर थाना लक्सर में दाखिल कराकर जेल भेज दिया है।

