खबर को सुनें

देवाल (चमोली)। बदरीनाथ वन प्रभाग के पूर्वी पिंडर रेंज देवाल के तत्वावधान में वन पंचायत की ओर से चमोली जिले के देवाल विकास खंड में स्थित पौराणिक लाटूधाम के परिसर में बुधवार को विभिन्न प्रजाति के पौध रोपित कर वन महोत्सव मनाया गया। देवाल के लाटू धाम में आयोजित वन महोत्सव में राजकीय आदर्श जूनियर हाई स्कूल सुया के छात्र-छात्राओं के साथ की ग्रामीणों और वन पंचायत के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भागेदारी निभायी। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेश चंद मिश्रा ने ग्रामीणों के साथ ही छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में बताते हुए कहा कि वनों से हमें इमारती लकड़ी के साथ ही जीवन रक्षक औषधी भी मिलती है। उन्होंने कहा कि यदि हमारा पर्यावरण स्वच्छ रहेगा तो हमें तमाम बीमारियों से भी निजात मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को जीवन में एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। इस अवसर पर छात्रों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलायी गई।

पर्यावरण मित्र बलवंत सिंह बिष्ट ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष जुलाई के प्रथम सप्ताह में वन महोत्सव मनाया जाता है। इसका सूत्रपात 1950 में तत्कालीन कृषि मंत्री कन्हैयालाल माणिक्यलाल मुंशी ने किया था, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक परिवेश के प्रति संवेदनशीलता की अभिव्यक्ति है। उसी का अनुशरण करते हुए सभी लोग हर साल पौध रोपित कर पर्यावरण को संरक्षित करने की शपथ लेते है। इस मौके पर प्रधानाध्यापक महेश चंद्र मिश्रा, सरपंच वन पंचायत यशोदा बिष्ट, महिला मंगल दल अध्यक्ष जानकी देवी, पर्यावरण मित्र बलवंत सिंह बिष्ट, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष सोवन सिंह, वन दरोगा गब्बर सिंह बिष्ट, वनआरक्षी कनक सिंह नेगी, पंकज पुरोहित, शिक्षक भजन सिंह बिष्ट, पूर्व उपप्रधान बलवंत सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!