खबर को सुनें
हरिद्वार। गुरुवार आधी रात हर की पैड़ी क्षेत्र में पुल से कूदना एक यात्री की जान पर भारी पड़ गया। पानी में पड़े पत्थर पर सिर लगने के कारण युवक घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

हरकी पैड़ी चौकी पुलिस को रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि पुल से छलांग लगाकर गंगा में कूदे एक युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। युवक को आसपास के लोगों ने तत्काल गंगा से बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ 30 वर्षीय युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था।
हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज मुकेश थलेड़ी ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो पाई है। युवक अकेला ही हरकी पैड़ी पर नहाने पहुंचा था। जिस कारण उसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। युवक की शिनाख्त की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!