खबर को सुनें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों सहित कुल 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की पहचान उनके पद से नहीं, बल्कि कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनहित के प्रति समर्पण से होगी।

उन्होंने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 71 हजार से अधिक परीक्षा में शामिल हुए और 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं की मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में अधिकारी का दायित्व शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाएं तथा दूरदराज से आने वाले लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप युवाओं का भर्ती परीक्षाओं पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दे चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से विकसित उत्तराखंड के निर्माण में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि ईमानदारी से काम करने वाले प्रत्येक अधिकारी के साथ सरकार मजबूती से खड़ी रहेगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, रामसिंह कैड़ा, विधायक सविता कपूर, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!