खबर को सुनें

देहरादून। आम आदमी पार्टी ने राजधानी देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल और प्रेमनगर अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। पार्टी की प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पार्टी नेताओं ने वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी और शौचालयों का निरीक्षण किया। आप नेताओं का आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त बेड नहीं होने के कारण कई मरीज फर्श पर इलाज कराने को मजबूर हैं। गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर व ट्रॉली की कमी के चलते लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।

पार्टी ने दावा किया कि अस्पताल में कई जरूरी दवाओं की कमी है। इसके चलते मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार इमरजेंसी में एक डॉक्टर पर 50 से अधिक मरीजों का दबाव देखा गया। आप ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शौचालयों में गंदगी, दुर्गंध और पानी की कमी से संक्रमण का खतरा बना हुआ है।

मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावे कर रही है, लेकिन राजधानी के बड़े सरकारी अस्पतालों की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये के बजट के बावजूद अस्पतालों में संसाधनों की कमी बनी हुई है और मरीजों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।

आप ने सरकार से अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तैनाती, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो वह स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर आंदोलन करेगी।

दौरे में श्याम बाबू पाण्डेय, डीएस कौटिल्य, सुधा पटवाल, शरद जैन, वीर सिंह, जितेन पंथ, शैलेश तिवारी, सीमा कश्यप, वीएन शर्मा, वीके बजाज समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!